अमरिया (पीलीभीत)। काम की तलाश करने के लिए बाइक से उत्तराखंड के सिडकुल जा रहे मजदूर की सड़क हादसे में मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की खबर मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सितारगंज पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है। वहीं घायल की हालत गंभीर होने पर हल्द्वानी के बाद बरेली भर्ती कराया गया है।
अमरिया थाना क्षेत्र के सरैनी तिरकुनिया गांव निवासी 21 वर्षीय नरेश कुमार पुत्र ख्यालिराम मजदूरी करते थे। मंगलवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे वह काम की तलाश करने के लिए गांव के ही गोरे मियां के साथ उत्तराखंड के सिडकुल जा रहे थे। बरेली-हरिद्वार नेशनल हाईवे पर सितारगंज (उत्तराखंड) थाना क्षेत्र में मल्लपुरी गांव के पास दूसरी बाइक से उनकी भिड़ंत हो गई। हादसे में नरेश की मौके पर मौत हो गई, जबकि गोरे मियां को गंभीर हालत में हल्द्वानी अस्पताल भिजवाया गया। वहां प्राथमिक इलाज के बाद परिजन रेफर किए जाने पर उन्हें बरेली के अस्पताल में ले आए। उधर, हादसे की सूचना मिलने पर पहुंची सितारगंज पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दोपहर में नरेश की हादसे में मौत की खबर घर पहुंची तो चीख पुकार मच गई। मां कौशल्या देवी का रो-रोकर बुरा हाल रहा। आनन-फानन में परिवार के कुछ सदस्य सितारगंज पहुंच गए और कार्रवाई कराई। मृतक पांच भाइयों में चौथे नंबर का अविवाहित था, दो बहनें है।