पीलीभीत/ पूरनपुर। लखनऊ से लौटते समय पॉवर कॉरपोरेशन के अधिशासी अभियंता असीम कुमार की कार ट्रक से टकरा गई। इसमें एक्सईएन और उनका निजी ड्राइवर ओमकार घायल हो गए। यह हादसा शाहजहांपुर में गोला रोड पर खुटार के पास सोमवार सुबह हुआ। गंभीर रूप से घायल होने की वजह से एक्सईएन को लखनऊ रेफर कर दिया गया, जबकि ड्राइवर ओमकार शाहजहांपुर जिला अस्पताल में भर्ती है।
इस हादसे की सूचना सोमवार सुबह पीलीभीत पहुंची तो पावर कॉरपोरेशन अफसरों और कर्मचारियों में खलबली मच गई। सभी हादसों के संबंध में एक-दूसरे से जानकारी करने में लग गए। अधिकारियों ने शाहजहांपुर के अफसरों से संपर्क कर एक्सईएन का हालचाल जाना। पूरनपुर के अधिशासी अभियंता, एसडीओ टाउन तत्काल शाहजहांपुर रवाना हो गए। अधीक्षण अभियंता एमके पाठक ने बताया कि पीलीभीत में तैनात एक्सईएन असीम कुमार विभागीय बैठक में शामिल होने लखनऊ गए थे। वहां से लौटते वक्त हादसे में घायल हो गए। उन्हें खुटार सीएचसी से लखनऊ रेफर कर दिया है। इधर, सूचना के बाद शाहजहांपुर पहुंचे एक्सईएन अरविंद कुमार ने बताया कि असीम कुमार के सीने में चोट आई है, जिससे वह बोल नहीं पा रहे हैं।