पीलीभीत। छात्र आयुष की मौत के मामले में पुलिस की छानबीन के दौरान नया मामला सामने आया है। उसके साथ गए दूसरे बच्चे से बता चला कि आयुष अमरूद तोड़ने के बाद भागते वक्त पानी भरे गड्ढे में गिर गया था, जिससे उसकी मौत हो गई।
सुनगढ़ी थाना क्षेत्र की जोशी कॉलोनी निवासी रामपाल का 12 वर्षीय पुत्र आयुष अपने नाना कृपाल के घर बरहा गांव गया था। वहां रविवार दोपहर करीब एक बजे कहीं चला गया था। तलाशी के दौरान दूसरे दिन सोमवार सुबह उसका शव घर से करीब एक किमी की दूर रेलवे की जमीन पर पानी भरे गड्ढे में पड़ा मिला था। इंस्पेक्टर सुनगढ़ी सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में आयुष की मौत पानी में डूबने से होने की पुष्टि हुई है। शरीर पर कोई चोट का निशान नहीं मिल। यह भी सामने आया है कि आयुष बरहा गांव के ही एक अन्य बच्चे के साथ अमरूद तोड़ने गया था। दोनों बच्चे पेड़ से अमरूद तोड़ने के मौके से भागे। तभी भागते समय आयुष पानी भरे गड्ढे में गिर गया। बच्चे का कहना है कि उसने डर की वजह से किसी को नहीं बताया।