जहानाबाद/ पीलीभीत। चाय बनाते वक्त झुलसे एक ही परिवार के चार सदस्यों में 18 वर्षीय सबरे चमन की इलाज के दौरान बरेली के जिला अस्पताल में मौत हो गई। इस हादसे में झुलसे तीन अन्य लोगों का बरेली में इलाज चल रहा है।
जहानाबाद थाना क्षेत्र के ललौरीखेड़ा गांव निवासी इश्तियाक अहमद की 18 वर्षीय पुत्री सबरे चमन बुधवार सुबह चाय बना रही थी। इस दौरान कपड़ों के आग लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गई थी। उसे बचाने की कोशिश में पिता इश्तियाक अहमद, मां शहीदुलनिशां और भाई झुलस गए थे। यहां जिला अस्पताल में भर्ती कराने पर सभी को बरेली रेफर कर दिया गया था। वहां बरेली जिला अस्पताल में बुधवार शाम सबरे चमन की मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद उसका शव घर लाया गया। रात में ही सुपुर्द ए खाक कर दिया गया।
लाइटर जलने में हुई देरी बनी हादसे की वजह
बड़ी बहन तबस्सुम ने बताया कि चाय बनाने के लिए चमन ने गैस का स्विच ऑन कर दिया था। वह लाइटर जलाने की कोशिश करती रही, लेकिन लाइटर नहीं जला। जब तक लाइटर जला तब तक गैस फैल चुकी थी। लाइटर चलते ही आग फैल गई, जिसकी चपेट में आकर चमन के कपड़ों में आग लग गई। उसकी चीख सुनकर माता-पिता और भाई बचाने पहुंचे। आग की चपेट में आकर वे तीनों भी झुलस गए।