पीलीभीत। जनपद के भरा पचपेड़ा में औद्योगिक हब तैयार करने की प्रक्रिया तेज हो गई है। इसको विकसित करने के लिए सरकार करीब 304.83 करोड़ रुपये खर्च करेगी। राज्यमंत्री संजय गंगवार का कहना है कि यह पीलीभीत के लिए ड्रीम प्रोजेक्ट है। इसके लिए सरकार से पुरजोर पैरवी की गई थी। अब इसपर अमल होने से जनपद के करीब दो लाख युवाओं को रोजगार के अवसर मिल सकेंगे।
पीलीभीत के भरा पचपेड़ा क्षेत्र में औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने के लिए पूर्व में प्रयास शुरू हुए थे। इसके लिए कार्ययोजना तैयार की गई थी। जिसकी जिम्मेदारी उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण को दी गई थी। इसके लिए 304.83 करोड़ रुपये का बजट तैयार किया गया। दो चरणों में बजट जारी कर औद्योगिक क्षेत्र को विकसित करने की योजना थी।
इसको लेकर राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार ने भी पैरवी की। उनका कहना है कि औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने के लिए जमीन को चिह्नित किया जा चुका है। कुछ जमीन पर कब्जे थे उन्हें खाली कर लिया गया है जल्द ही इस प्रोजेक्ट पर अमल शुरू कर दिया जाएगा औद्योगिक हब विकसित होने से जनपद के करीब 2 लाख युवाओं को रोजगार के अवसर मिल सकेंगे।
18 माह में विकसित करने की है योजना
भरापचपेड़ा में औद्य्रोगिक हब विकसित करने के लिए शासन ने तेजी कार्य शुरू कर दिया है। इस कार्य को पूरा करने के लिए 18 माह का समय कार्यदायी संस्था के लिए निर्धारित किया गया है। इसमें पहले चरण में 184.12 करोड़ और दूसरे चरण में 120.71 करोड़ रुपये का बजट खर्च किया जाएगा।
100 करोड़ की सड़क की तैयार हो रही डीपीआर
राज्यमंत्री संजय गंगवार ने बताया कि यह मेरा शुरू से ही ड्रीम प्रोजेक्ट रहा है। पहले ही तीन गन्ना मिलें स्थापित की जा चुकी हैं। अब 100 करोड़ रुपये की लागत से एक सड़क का निर्माण किया जाएगा। यह कार्य स्वीकृत हो गया है। मानसून के बाद सड़क का निर्माण शुरू कर दिया जाएगा। औद्योगिक क्षेत्र के लिए सड़क मार्ग को पहले दुरुस्त किया जाएगा।