गांव बिहारीपुर इटौरिया में 1936 में बने बांध का डीएम ओएन सिंह ने निरीक्षण किया। साथ ही इसके निकट बनाई गई पुलिया को भी देखा, जो ठीक पाई गई।
गजरौला थाना क्षेत्र के गांव बिहारीपुर इटौरिया में 1936 में जलभराव की समस्या से बचाने के लिए मिट्टी का बांध बना था। जो जब लगभग खत्म हो चुका है। बांध खत्म होने से लोगों को दिक्कत आ रही है। वहीं इस बांध के निकट ही कुछ समय पूर्व ब्लाक की ओर से पुलिया का निर्माण कराया गया है। जिसका दूसरे गांव नौगवां के बुढ़िया के लोगों ने विरोध किया था। इसको लेकर गांव के टीकाराम और हरपाल ने कोर्ट में याचिका डालकर पुलिया को बंद कराने की मांग की थी।
इस पर कोर्ट ने डीएम से व्यक्तिगत रूप से शपथपत्र प्रस्तुत करने के आदेश दिए। इस आदेश पर डीएम ओएन सिंह शुक्रवार को एडीएम अजयकांत सैनी के साथ गांव पहुंचे और यहां बने बांध व पुलिया का निरीक्षण किया। डीएम ने बताया कि वर्षों पूर्व बना बांध अब लगभग समाप्त हो चुका है। जमीन व बांध का लेवल एक चुका है। वहीं जल निकास को बनाई गई पुलिया को उन्होंने औचित्यपूर्ण पाया है। डीएम ने बताया कि ग्रामीणों की शिकायत पर मौके पर जाकर निरीक्षण किया गया है। पुलिया से गांव वालों को लाभ हो रहा है और बरसात में उन्हें आने जाने में सुविधा हो रही है। कोर्ट में वह शपथपत्र प्रस्तुत करेंगे। इस मौके पर सिंचाई और ब्लाक के अधिकारी भी मौजूद रहे।