मृतक ललित कुमार उर्फ़ लालू फाइल फोटो
- फोटो : 1
एक सप्ताह पहले दर्ज कराई थी गुमशुदगी, तलाश में जुटे थे परिजन
न्यूरिया। रिश्तेदारी में शादी-समारोह में गए न्यूरिया थाने के गांव उल्हैतापुर निवासी ललित कुमार उर्फ लालू (30) का शव नौ दिन बाद गेहूं के खेत में पड़ा मिला। शव के पास एक चिलम और थोड़ा गांजा भी पड़ा था। मृतक के सिर के पास चोट का निशान भी देखा गया है। सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने जांच की और परिजनों से जानकारी जुटाई है। एसपी सुकीर्ति माधव भी घटनास्थल पर पहुंचे और मातहतों से जानकारी ली। हालांकि परिजनों की ओर से अभी कोई तहरीर नहीं दी गई है।
ललित कुमार उर्फ लालू 11 फरवरी की शाम गांव कुआंखेड़ा में रहने वाली रिश्ते की बुआ के घर शादी-समारोह में शामिल होने गए। देर रात तक घर न लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। परिजनों ने रिश्तेदारों और परिचितों के यहां उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। कई दिन तक प्रयास के बाद भी जानकारी न मिलने पर परिजनों ने 14 फरवरी को थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। शुक्रवार की सुबह गांव बिठौरा खुर्द के पास गेहूं के खेत में एक युवक का शव मिलने की सूचना पर ग्रामीणोंं की भीड़ जमा हुई।
लोगों के अनुसार, मृतक के सिर के पास चोट का निशान था। सूचना पर थानाध्यक्ष सुभाष मावी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मृतक के परिजन भी आ गए। थानाध्यक्ष ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। मामले की जांच हर पहलू से की जा रही है। अभी मृतक के परिजन की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। संवाद