पूरनपुर की माधोटांडा रेलवे क्रॉसिंग बंद होने पर क्रॉसिंग खुलने के इंतजार में खड़े लोग-संवाद
पूरनपुर। ट्रेन के आगे अचानक आए युवक की कटकर मौत हो गई। घटना के बाद करीब 50 मिनट तक ट्रेन खड़ी रही। इस दौरान नगर की माधोटांडा क्राॅसिंग बंद होने से राहगीर जाम में फंसे रहे। जीआरपी युवक के शव को ट्रेन से रेलवे स्टेशन लाई। इस हादसे के कारण मैलानी से पीलीभीत जा रही ट्रेन को करीब 20 मिनट पूरनपुर स्टेशन पर रुकना पड़ा।
हादसा शुक्रवार शाम को प्रसादपुर हाल्ट के समीप हुआ। पीलीभीत से डालीगंज जा रही 55085 ट्रेन के प्रसादपुर से निकलने के बाद अचानक ट्रेन के आगे आए युवक की कटकर मौत हो गई। जब तक चालक ने ट्रेन रोकी, इससे पहले चार डिब्बे युवक के शव के ऊपर से निकल चुके थे। जीआरपी चौकी इंचार्ज विपिन कुमार ने बताया कि घटना स्थल कोतवाली क्षेत्र होने पर कोतवाली पुलिस को घटना की सूचना दी गई। ट्रेन पर चल रहे जीआरपी कर्मियों ने युवक के शव को पूरनपुर स्टेशन लाए।
ट्रेन से कटे युवक की शिनाख्त देर शाम तक नहीं हो सकी। कोतवाल पवन कुमार पांडेय ने बताया कि युवक के ट्रेन से कटने की सूचना पर पुलिस को मौके पर भेजा गया है। स्टेशन मास्टर आशीष वर्मा ने बताया कि पीलीभीत डालगंज पैसेंजर ट्रेन प्रसादपुर हाल्ट के समीप 6:30 पर पहुंची थी। इसके बाद पूरनपुर स्टेशन पर करीब 7:20 बजे पहुंची है।