पीलीभीत के चौक बाजार में घटना के बाद जांच पड़ताल करते सीओ सिटी दीपक चतुर्वेदी। संवाद
पीलीभीत। त्योहारों पर पुलिस के सुरक्षा दावों के बीच शहर के चौक बाजार में शनिवार शाम महिला से चेन स्नेचिंग की घटना सामने आने से खलबली मच गई। पूजा कर लौट रही महिला के साथ पैदल आए युवक ने घटना को अंजाम दिया और गलियों होता हुआ फरार हो गया। सूचना पर सीओ सिटी ने कोतवाली पुलिस के साथ मौके पर पहुंचकर जांच की। सीसीटीवी कैमरे में आरोपी की फोटो कैद हुई है।
घटना शहर कोतवाली क्षेत्र के सराफा बाजार के निकट स्थित चौक बाजार की है। कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली मीरा गुप्ता पत्नी सुरेंद्र गुप्ता शनिवार शाम गोवर्धन पूजा करने के लिए क्षेत्र के एक मंदिर में गईं थी। कुछ देर रुकने के बाद शाम करीब साढ़े छह बजे वह पैदल ही घर लौट रहीं थी।
चौक बाजार के निकट पहुंचते ही अचानक पैदल आए एक युवक ने झपट्टा मारकर उनके गले में पड़ी चेन को नोचा और गालियों में होकर फरार हो गया। घटना के बाद महिला ने शोर शराबा कर आरोपी का पीछा भी किया, लेकिन वह भाग गया।
घटना को लेकर मौके पर भीड़ जमा हो गई। सूचना पर सीओ सिटी दीपक चतुर्वेदी शहर कोतवाल राजीव कुमार सिंह के साथ मौके पर पहुंचे। पीड़ित महिला से जानकारी कर क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों को चेक किया। जिसमें घटना कैद हो गई। आरोपी महिला की चेन छीनकर भागता हुआ नजर आ रहा है।
सीओ सिटी दीपक चतुर्वेदी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। सीसीटीवी कैमरे में आरोपी की तस्वीर कैद हुई है। मामले में रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। आरोपी की पहचान करने के लिए क्षेत्र में लगे अन्य कैमरों को भी चेक कराया जा रहा है।
इधर क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि घटनास्थल के आसपास पुलिस की पिकेट रहती है। इसके बाद भी आरोपी ने घटना को अंजाम दिया। लोगों ने सुरक्षा दावों पर सवाल खड़े किए हैं।
पीलीभीत के चौक बाजार में घटना के बाद जांच पड़ताल करते सीओ सिटी दीपक चतुर्वेदी। संवाद