न्यूरिया क्षेत्र में टनकपुर हाईवे पर हंगामा करते लोगों को समझाते पुलिस अफसर। संवाद
पीलीभीत। दो दिन पूर्व हुई मारपीट की घटना में घायल युवक की उपचार के दौरान मौत के बाद गुस्साए परिजनों ने बुधवार शाम पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए टनकपुर हाईवे पर जाम लगा दिया। करीब डेढ़ घंटे तक जमकर हंगामा किया। सूचना पर सीओ समेत पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई। अफसरों ने बमुश्किल समझाकर मामला शांत कराया। इस मामले में छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
न्यूरिया थाना क्षेत्र के पिपरिया अगरू गांव में 22 सितंबर को युवती को भगा ले जाने के मामले में मारपीट हो गई थी। इसमें एक पक्ष के राजू वर्मा, कोमल प्रसाद, भूपेंद्र, कमला देवी, विषपाल, महेशपाल और भूपेंद्र कुमार घायल हो गए थे। विषपाल को गंभीर हालत में जिला अस्पताल के बाद बरेली रेफर किया गया था, जहां बुधवार शाम उपचार के दौरान निजी अस्पताल में उसकी मौत हो गई। बरेली पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।
बुधवार को शव घर आने की सूचना पर गांव में आक्रोश फैल गया। शव घर पहुंचने पर ग्रामीण एकत्र हो गए और हाईवे पर पहुंचकर हंगामा करने लगे। पुलिस पर आरोपियों से मिलीभगत का आरोप लगाते हुए नारेबाजी की। इससे हाईवे पर जाम लग गया। सूचना के बाद सीओ सदर विधि भूषण मौर्य, सीओ सिटी दीपक चतुर्वेदी के अलावा न्यूरिया, कोतवाली और सुनगढ़ी पुलिस मौके पर पहुंच गई।
हंगामा कर रहे लोगों को समझाने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस अफसरों से नोकझोंक भी हुई। अफसरों ने घटना में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार करने की बात कही। करीब डेढ़ तक बाद ग्रामीण शांत हुए। इसके बाद जाम खुल सका। न्यूरिया थाना प्रभारी अशोक पाल ने बताया कि घटना में शामिल धर्मपाल, कुंवरसेन, तेजराम, शेर सिंह, नन्हेंलाल उर्फ प्रेमपाल व बुद्धसेन को गिरफ्तार कर लिया गया है। गैर इरादतन हत्या की धारा बढ़ाई जा रही है।