पूरनपुर। हजारा थाना क्षेत्र में रोशनदान और खिड़की उखाड़कर हेड कांस्टेबल सहित दो लोगों के घरों से जेवरात और नकदी चोरी गांव भरतपुर लक्ष्मण नगर के राहुल ने एक बाल अपचारी के सहयोग से की थी। पुलिस ने बाल अपचारी को निगरानी में लेकर आरोपी को गिरफ्तार करघटना का खुलासा किया है। मुख्य आरोपी से 91,300 रुपये की नकदी बरामद हुई। पुलिस चोरी के जेवरात बरामद नहीं कर सकी है।
शुक्रवार रात को चोरों ने गांव लक्ष्मणपुर के नैमुद्दीन के घर के पीछे का रोशनदान निकालकर घर में प्रवेश कर चोरी की थी। चोर उसके घर के कमरे में रखी अलमारी तोड़कर सोने का हार, मांग टीका, झुमके, नथनी, चेन, अंगूठी, चांदी का हाथ फूल, पायल और 95 हजार रुपये नकद ले गए थे। नैमुद्दीन की पत्नी हेड कांस्टेबल है। इसके अलावा गांव अशोक नगर के केशवदास के घर में घुसकर सोने के कुंडल, चांदी का कमरबंद, पाजेब, पायल, गुच्छा, घड़ी सहित करीब तीन लाख रुपये का सामान चोरी किया था।
पुलिस ने केशवदास की ओर से दोनों घटनाओं की रिपोर्ट अज्ञात के खिलाफ दर्ज की थी। हजारा पुलिस ने मंगलवार को गांव अशोक नगर तिराहे से गांव भरतपुर लक्ष्मण नगर के राहुल और उसके साथी बाल अपचारी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर घटना का खुलासा किया। सीओ विधि भूषण मौर्या ने बताया कि घटना को राजीव ने अपने बाल अपचारी साथी के साथ मिलकर अंजाम दिया था। आरोपी राहुल का मंगलवार को चालान कर दिया गया। बाल अपचारी को निगरानी में लेकर विधिक कार्रवाई को कोर्ट में पेश किया गया।