कलीनगर। चारपाई पर लेटी किशोरी के हाथ में सांप ने डस लिया। परिजनों ने झाड़फूक के चक्कर में इलाज कराने में देर कर दी, जब हालत बिगड़ी तो सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
माधोटांडा क्षेत्र के गांव नारायणपुर बुजुर्ग निवासी रजनी (16) पुत्री अखिलेश कुमार सोमवार को दोपहर में घर के कमरे में दीवार के पास चारपाई पर लेटीं थीं। परिजनाें ने बताया कि किशोरी का एक हाथ चरपाई के नीचे लटक गया। इस दौरान दीवार के सहारे आए सांप ने उसके हाथ में डस लिया।
जानकारी होने पर परिजन झाड़ फूंक कराने के लिए किशोरी को पास के गांव में लेकर पहुंचे। बाद में झाड़ फूंक कराने के बाद किशोरी को घर ले आए। देर रात हालत बिगड़ने पर परिजन उसे लेकर पूरनपुर सीएचसी पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एसओ अचल कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
ये बरतें सावधानी
-सांप के काटने पर झाड़-फूंक के चक्कर में बिल्कुल भी नहीं पड़ें।
-मरीज को तुरंत ही नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर ले जाकर इलाज कराएं।
-सांप काटने पर घबराएं नहीं, घबराने से हृदयघात पड़ने की आशंका रहती है।
-जिस अंग पर सांप डसे, उसे चलाएं या फिराएं नहीं, स्थिर कर दें।
-वहां पर चीरा नहीं लगाएं, पुराने जमाने के नुख्से नुकसानदायक हो सकते हैं।
-20 प्रतिशत सांप जहरीले होते हैं। इसमें कोबरा, क्रत और पिटवाइपर सांप जहरीले होते हैं।
-80 प्रतिशत सांप जहरीले न होने के कारण झाड़-फूंक करने वाले फायदा उठाते हैं।
-डॉ. रमाकांत सागर, सीएमएस, जिला अस्पताल