बिलसंडा। चलते ट्रक का टायर निकलने से उसकी चपेट में आकर पिता और पुत्र घायल हो गए। दोनों को मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। यहां से दोनों को बरेली के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था। इलाज के दौरान रविवार को बालक की मौत हो गई। सूचना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया।
थाना क्षेत्र के गांव केंचुआ निवासी मनसुखराम अपने पुत्र रामाधार (5) के साथ शनिवार की सुबह अपने खेत को जाने के लिए निकले थे। इसी दौरान घर से कुछ ही दूरी पर बिलसंडा-बीसलपुर मार्ग पर अचानक ट्रक का टायर खुल गया। जिसकी चपेट में आकर दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। लोगों ने वाहन को रोक लिया।
जानकारी के बाद परिजन भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद गंभीर हालत में दोनों को सीएचसी ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल से परिजन दोनों को इलाज के लिए बरेली ले गए। रविवार को बालक की मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना के बाद थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और बालक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसओ प्रमेंद्र ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है।