गजरौला। गांव विधिपुर में बुधवार सुबह एक बाघ ने खेत पर बंधी भैंस पर हमला कर उसे मार दिया। घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत फैल गई है। ग्रामीणों ने वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए आक्रोश जताया।
गांव निवासी पप्पू पुत्र मोहन सुबह करीब आठ बजे अपने खेत पर धान की कटाई करने पहुंचे थे। उनका खेत जंगल से मात्र एक किलोमीटर की दूरी पर है। पप्पू के अनुसार उन्होंने अपनी भैंस को खेत के पास चक रोड पर बांधा और मजदूरों को बुलाने के लिए पास के गांव लालपुर चले गए। इसी दौरान गन्ने के खेत से निकले बाघ ने भैंस पर धावा बोल दिया और उसे करीब 200 मीटर दूर गन्ने के खेत में घसीट ले गया।
कुछ देर बाद जब पप्पू खेत पर लौटे तो खून से सना रास्ता देखकर शोर मचाया। इसपर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पाकर करीब एक घंटे बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और निरीक्षण किया। इस दौरान ग्रामीणों और वनकर्मियों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। ग्रामीणों का कहना था कि क्षेत्र में लगातार बाघों की आवाजाही हो रही है, लेकिन विभाग इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। माला रेंज की गढ़ा बीट के वन दरोगा रामभरत यादव ने बताया कि मौके पर टीम भेजी गई है और प्राथमिक जांच में पुष्टि हुई है कि बाघ ने ही भैंस पर हमला किया है।