पूरनपुर। एटीएम से रुपये निकाल रही हजारा थाना के गांव भरतपुर निवासी आशा कार्यकर्ता रानी का काउंटर पर रखा बैग किशोर ने चुरा लिया। काउंटर से बैग चुराए जाने की घटना एटीएम में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। बैग में 20 हजार रुपये, सोने के कुंडल, मोबाइल, अभिलेख और दवाइयां थी। आशा पुत्री की शादी के लिए कुंडल बदलवाने को एटीएम से रुपये निकाल रही थीं।
घटना स्टेशन मार्ग पर एक दुकान में लगे प्राइवेट एटीएम की है। गांव भरतपुर निवासी आशा रानी ने बताया कि मंगलवार को सीएचसी में बैठक में शामिल होने आईं थीं। बैठक के बाद साथी अयोध्यानगर की आशा कार्यकर्ता मंजू देवी, लक्ष्मननगर की पूनम भारती के साथ एटीएम से रुपये निकालने गईं थीं।
दुकान के काउंटर पर उन्होंने अपना बैग रख दिया और एटीएम से रुपये निकालने लगीं। एटीएम से 2400 रुपये निकालने की कोशिश की। रुपये न निकलने पर उनकी दोनों साथी भी एटीएम की ओर ही देख रहीं थीं। दुकान पर बैठे किशोर ने एटीएम में पांच-पांच सौ के नोट होने की जानकारी देकर 25 सौ रुपये निकालने को कहा।
इस दौरान दुकान पर आए अन्य किशोर ने हाथ में पकड़े प्लास्टिक के बोरे की आड़ कर उनका बैग चुरा लिया। रुपये निकालने के बाद बैग चोरी होने का पचा चला। तुरंत ही सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की रिकार्डिंग देखी, जिसमें दुकान में बाहर की ओर से आया किशोर कट्टे की आड़ लेकर बैग चुराता दिख गया।
आशा रानी ने बताया कि बैग में 20 हजार रुपये, सोने के कुंडल, अभिलेख और दवाइयां थीं। बताया कि पुत्री प्रीति की शादी है। पुराने कुंडलों को बदलवाकर नए कुंडल खरीदने थे। रुपये कम न पड़ें, इसलिए रुपये निकालने आई थी। कोतवाल नरेश कुमार त्यागी ने बताया कि एटीएम से बैग चोरी की जानकारी हुई है। जांच कराई जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई होगी।