पीलीभीत। कॉलेज से घर जा रहे कक्षा 10 के छात्र को युवकों ने रास्ते में पीटा। इससे छात्र के सिर में गंभीर चोट आई। राहगीरों के बचाव करने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। परिजनों ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के चंदोई गांव निवासी नसीर अहमद ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि उसका पुत्र तौकीर अहमद शहर के एक राजकीय इंटर कॉलेज में कक्षा 10 का छात्र है। 27 नवंबर को दिन में करीब तीन बजे वह अपने कॉलेज से घर आ रहा था। आरोप है कि रास्ते में कोतवाली क्षेत्र के खकरा पोस्ट ऑफिस के निकट पहुंचते ही फैसल अपने दोस्तों के साथ वहां पहुंचा और पुत्र के साथ धक्का-मुक्की शुरू कर दी।
विरोध करने पर आरोपियों ने पुत्र को पीटा। उसके सिर में भी चोटें आईं हैं। राहगीरों ने पुत्र को बमुश्किल बचाया। इस पर आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। परिजनों ने किशोर को शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। कोतवाल राजीव कुमार सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई है।