पीलीभीत। कलीनगर के माधोटांडा-शाहगढ़ से असम मार्ग के बीच संपर्क को मजबूत बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। मार्ग पर स्थित नहर पर नए आरसीसी टी-बीम लघु सेतु और पहुंच मार्गों के निर्माण के लिए शासन ने 1.80 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत कर की है। परियोजना पूरी होने के बाद इस मार्ग पर आवागमन अधिक सुरक्षित, सुगम और तेज होगा।
जिले में बरसात के बीच में संपर्क मार्गों को मजबूती देने के लिए प्रयास किए जा रहें है। जिले के कलीनगर तहसील के माधोटांडा-शाहगढ़ मार्ग के किलोमीटर 0/3 पर स्थित शारदा नहर पर आरसीसी टी-बीम सेतु बनाया जाएगा। इसके साथ दोनों ओर पहुंच मार्गों का भी निर्माण कराया जाएगा, जिससे बरसात के दौरान भी लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना नहीं करना पड़ेगा।
पीडब्ल्यूडी की तरफ से धनराशि जारी होने के बाद निर्माण प्रक्रिया को गति दी जाएगी। डीएम ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया इस काम को जल्द ही शुरू कराया जाएगा। संवाद