ग्राम पंचायत ढका में ग्राम समाज की जमीन पर कब्जा कर पोल्ट्री फार्म बना लिया गया। कब्जेदार को कई बार नोटिस जारी कर कब्जा हटाने की चेतावनी दी गई, लेकिन उसने कब्जा नहीं हटाया। इस पर रविवार को प्रशासन ने ध्वस्तीकरण की कार्रवाई कर जमीन को कब्जा मुक्त कराया।
पीलीभीत के पूरनपुर क्षेत्र की ग्राम पंचायत ढका में ग्राम समाज की जमीन पर कब्जा कर बनाया गया मुर्गी फार्म रविवार को पुलिस की मौजूदगी में नायब तहसीलदार अभिषेक त्रिपाठी ने गिरवा दिया। अफसरों ने बताया कि कब्जा हटाने के लिए कई बार नोटिस दिए गए। इसके बाद कब्जे को गिरवा दिया। दोबारा कब्जा करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
विज्ञापन
गांव निवासी एक व्यक्ति ने वर्षों पूर्व सरकारी जमीन पर कब्जा कर पक्का निर्माण कर मुर्गी फार्म खोल लिया। मामले की जानकारी पर कब्जेदार को कई बार नोटिस जारी कर कब्जा हटाने की चेतावनी दी गई, लेकिन कब्जेदार ने कब्जा नहीं हटाया। मार्च माह में तहसीलदार कोर्ट से बेदखली का आदेश हुआ।
इसके बाद भी कब्जा न हटने पर रविवार को नायब तहसीलदार अभिषेक त्रिपाठी ने राजस्व टीम और पुलिस के साथ पहुंचकर जेसीबी मशीन से मुर्गी फार्म को ढहवा दिया। उन्होंने बताया कि 253 वर्ग मीटर जमीन पर कब्जा कर मुर्गी फार्म बनाया गया था। कब्जेदार को दोबारा कब्जा न करने की चेतावनी दी गई है। जमीन पर अब पंचायत घर या अन्य भवन बन सकेगा।