गजरौला। खेत से एकत्र कर पराली के लगे स्टॉक में सोमवार रात आग लग गई। घटना में खेत में लगे पराली के करीब तीन हजार बंडल नष्ट हो गए। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की गाड़ी ने आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन कोई सफलता नहीं मिल सकी। किसान के अनुसार लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
घटना कलकत्ता कॉलोनी की है। क्षेत्र के मनदीप सिंह ने बताया कि खेतों से पराली को एकत्र कर मशीनों की मदद से स्टॉक कराया जा रहा था। करीब तीन हजार मंडल का स्टॉक किया गया था। सोमवार देर रात अज्ञात कारणों से स्टॉक में आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया और अधिकांश बंडल आग की चपेट में आकर नष्ट हो गए।
जानकारी के बाद मौके पर ग्रामीण एकत्र हो गए। आग बुझाने के प्रयास किए गए। सूचना पर दमकल की गाड़ी भी मौके पर पहुंच गई। प्रयास किया गया, लेकिन तबतक अधिकांश बंडल नष्ट हो चुके थे। किसान मनदीप सिंह ने बताया कि मशीनों की मदद से पराली के रोल बनाकर एकत्र किया जा रहा था। इसे बरेली की फैक्टरी में भेजा जाना था।