कुतुबे पीलीभीत हजरत शाहजी मोहम्मद शेर मियां के सालाना उर्से पाक के चौथे दिन चादरों की गश्त निकाली गई। बाद नमाज ए अस्र कुलशरीफ हुआ। दरगाह शरीफ पर पूरे दिन जायरीनों की आमद बनी रही।
शहर के मोहल्ला मुनीर खां स्थित दरबार ए शेरिया में शनिवार सुबह कुरान ख्वानी हुई। सुबह करीब नौ बजे चादरों की गश्त निकाली गई। दूर दराज से आए जायरीनों ने दरगाह शरीफ पर पहुंचकर चादरपोशी की और दुआएं मांगी। इसके चलते शहर के सड़कों पर भी काफी भीड़ भाड़ रही। पूरे दिन चादरपोशी का सिलसिला चलता रहा। शाम करीब छह कुलशरीफ की रस्म अदा की गई। जिसमें सज्जादानशीन हजरत मुन्ने मियां शेरी ने मुल्क में अमन चैन व भाईचारे की दुआ फरमाई और लोगों से आपसी सौहार्द व भाईचारा कायम रखने की अपील की। मिलाद पार्टियों ने शाहजी बाबा की शान में नात व मनकबतें पेश की। मुंबई, गुजरात, सूरत, राजस्थान, दिल्ली, बड़ौत, आजमगढ़ समेत पाकिस्तान आदि से आए जायरीनों ने भी बड़ी तादाद में मजार शरीफ पर हाजिरी देकर चादरपोशी की और दुआएं मांगी। कुलशरीफ में दरगाहों के सज्जादों के अलावा मुंबई से आए हाजी इदरीश शेरी, गफ्फार शेरी, अनीस शेरी, शाहजी एकेडमी के गौस मोहम्मद, असगर कदीरी, कारी अमानत रसूल, शहबुद्दीन कदीरी, मौलाना मुफ्ती हसन मियां कदीरी, सूफी एहसान मियां, सूफी इरफान मियां कदीरी, जफर शम्सी, कदीर शेरी, इकबाल हजरत खां, आरिफ हजरत खां, साजिद मियां, तौसीफ कदीरी समेत बड़ी संख्या में अकीदमंदों ने शिरकत की। जायरीनों की बढ़ती तादाद को देखते हुए दरगाह शरीफ तक आने वाले सभी रास्तों पर बैरीकेटिंग कर पुलिस तैनात कर दी गई। दरबार ए शेरिया के सज्जादानशीन ने बताया कि 20 सितंबर को सुबह दस बजे कुलशरीफ की रस्म अदा की जाएगी।
सज्जादानशीन के चाचा का इंतकाल
पीलीभीत। आस्तान ए हशमतिया व मुशाहिदिया के सज्जादानशीन मौलाना जरताब रजा खां के चाचा हजरत अल्लामा मुफ्ती अहमद मशहूद रजा खां का रात मुंबई में इंतकाल हो गया। वह 84 वर्ष के थे। सज्जादानशीन ने बताया कि नमाजे जनाजा 20 सितंबर को दोपहर 12 बजे होगी।