जहानाबाद। आरोपी ने शादी का झांसा देकर युवती के साथ दुष्कर्म किया और वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी दी। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
न्यूरिया क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती ने जहानाबाद पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि एक गांव निवासी युवक से दूर की रिश्तेदारी होने की वजह से जान-पहचान थी। युवक अक्सर उसके घर भी आता-जाता था। कुछ समय तक उसने पीलीभीत में किराये पर कमरा लेकर पढ़ाई की। इस दौरान उक्त युवक उसके घर आया और शादी का प्रस्ताव रखा। उसने भी सहमति जाहिर कर दी।
आरोप है कि इसके बाद शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। तीन नवंबर को परिजनों की गैर मौजूदगी में युवक ने उसे अपने घर बुलाया और दुष्कर्म किया और वीडियो भी बना ली। कुछ समय बाद आरोपी ने शादी करने से इन्कार कर दिया और शिकायत करने पर वीडियो वायरल करने की धमकी देने लगा।
युवक की दूसरी जगह शादी करने की तैयारी करने की जानकारी होने पर पीड़िता ने पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की है।