पूरनपुर। शादी का झांसा देकर घर में 11 दिन रखकर युवक ने युवती से दुष्कर्म किया। बाद में निकाह कर घर लाने का झांसा देकर उसे घर भेज दिया। निकाह की तारीख 29 जुलाई तय की गई। युवक के नहीं पहुंचने पर निकाह की तैयारियां धरी रह गईं। बाद में युवक ने निकाह करने से इन्कार कर दिया। मंगलवार को युवती ने कोतवाली पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी है।
नगर की एक युवती ने बताया कि घुंघचाई थाना क्षेत्र के एक गांव का युवक निकाह का झांसा देकर उसे 11 दिन पहले घर से ले गया था। आरोप है कि 11 दिन तक उसने बतौर पत्नी घर में रखकर उससे दुष्कर्म किया। बाद में युवक और उसके परिजन ने परंपरा के साथ 29 जुलाई को निकाह कर घर लाने की जानकारी देकर उसे घर भेज दिया।
युवती ने बताया कि घर में निकाह की तैयारियां पूरी कर ली गईं। पूरे दिन युवक और उसके परिजन का इंतजार किया गया, लेकिन वे नहीं आए। आरोप है कि परिजनों ने युवक के बाहर चले जाने की जानकारी दी। बाद में युवक ने निकाह करने से इन्कार कर दिया।
युवती ने मंगलवार को कोतवाली पहुंचकर युवक और उसके परिजन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी। पुलिस ने शिकायत पर जांच शुरू कर दी है।
भाई के दोस्त ने युवती से की दुष्कर्म की कोशिश
पीलीभीत। सुनगढ़ी थाना क्षेत्र की युवती को अकेला पाकर उसके भाई के दोस्त ने दुष्कर्म की कोशिश की। युवती के शोर मचाने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग गया। एसपी के आदेश पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
युवती ने एसपी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उसके भाई की क्षेत्र के एक युवक के साथ दोस्ती है। वह उसके घर भी आता है। आरोप है युवक उस पर गलत नजर रखने लगा और कई बार छेड़खानी की। शिकायत करने के बावजूद आरोपी युवक हरकतों से बाज नहीं आया। 24 जुलाई को शाम साढ़े सात बजे वह घर पर अकेली थी। इस दौरान आरोपी घर में घुस आया और गलत नीयत से पकड़ लिया। विरोध करने पर दुष्कर्म की कोशिश की। शोर मचाने पर कई लोग मौके पर आ गए। इस पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गया।
युवती का कहना है कि आरोपी दबंग किस्म का है। उस पर कई मुकदमे भी दर्ज हैं। प्रभारी निरीक्षक पवन कुमार पांडेय ने बताया कि एसपी के आदेश पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। संवाद