पीलीभीत। न्यूरिया क्षेत्र के गांव खजुआ दीन नगर में सोमवार शाम को घर के बाहर बैठे किशोर को सांप ने डस लिया। झाड़-फूंक में समय गंवाने से उसकी हालत बिगड़ गई और इलाज के लिए बरेली ले जाते समय रास्ते में उसने दम तोड़ दिया।
गांव के गंगाराम का 13 वर्षीय पुत्र पवन घर के बाहर बैठा था। इस दौरान झाड़ियों से निकले सांप ने उसके हाथ में डस लिया। किशोर के चिल्लाने पर परिजन और आसपास के लोग एकत्र हो गए। परिजन किशोर को लेकर झाड़-फूंक करने वाले के पास पहुंचे, लेकिन हालात में सुधार न होने पर जिला अस्पताल ले आए।
चिकित्सकों ने हालत गंभीर होने पर उसे बरेली रेफर कर दिया। बरेली ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। सूचना पर न्यूरिया पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वह नौवीं कक्षा का छात्र था।
पूरनपुर में भी सांप के डसने से जान गई
पूरनपुर। सेहरामऊ उत्तरी थाना क्षेत्र के गांव मनहरिया निवासी भगवानदीप (18) को सोमवार सुबह सांप ने डस लिया। पूरे दिन परिजन उसकी झाड़-फूंक कराते रहे। सोमवार रात 10 बजे सीएचसी लाए गए भगवानदीन को चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। परिजन भगवानदीन का शव घर ले गए। युवक की मौत पर उसके परिजन में कोहराम मच गया। संवाद
ये बरतें सावधानी
-सांप के काटने पर झाड़-फूंक के चक्कर में बिल्कुल भी नहीं पड़ें।
-मरीज को तुरंत ही नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर ले जाकर इलाज कराएं।
-सांप काटने पर घबराएं नहीं, घबराने से हृदयघात पड़ने की आशंका रहती है।
-जिस अंग पर सांप डसे, उसे चलाएं या फिराएं नहीं, स्थिर कर दें।
-वहां पर चीरा नहीं लगाएं, पुराने जमाने के नुख्से नुकसानदायक हो सकते हैं।
-20 प्रतिशत सांप जहरीले होते हैं। इसमें कोबरा, क्रत और पिटवाइपर सांप जहरीले होते हैं।
-80 प्रतिशत सांप जहरीले न होने के कारण झाड़-फूंक करने वाले फायदा उठाते हैं।
-डॉ. रमाकांत सागर, सीएमएस, जिला अस्पताल