पीलभीत। डीएम प्रवीण कुमार लक्षकार ने गांधी सभागार में विकास कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान दो नगर पालिका और दो नगर पंचायतोंं में विभिन्न कार्यों को मंजूरी दी गई। शहर से सटी नगर पंचायत नौगवां पकड़िया में रेलवे लाइन से मुक्तिधाम तक नाला निर्माण की भी स्वीकृति प्रदान की।
बैठक में बीसलपुर नगर पालिका के ईओ ने रोड स्वीपिंग मशीन खरीदने, 45 नए इंडिया मार्का हैंडपंप लगवाने, 105 डस्टबिन व तीन ट्रैक्टर हाइड्रोलिक ट्रॉली के साथ खरीदने, दो सोलर वाटर कूलर लगवाने का प्रस्ताव रखा। डीएम ने इन सभी कार्यों के लिए सहमति प्रदान कर दी। इसके अलावा नगर पंचायत बरखेड़ा में स्टेशन रोड पर इंटरलॉकिंग एवं नाली के उच्चीकरण का कार्य, सीसी रोड का नव निर्माण, वार्ड नंबर दो में नाली मरम्मत का प्रस्ताव रखा। डीएम ने इन सभी कार्यों की अनुमति दे दी।
इसके अलावा नगर पंचायत नौगवां पकड़िया में इंटरलॉकिंग सड़क निर्माण, नाली निर्माण, सीसी रोड निर्माण के साथ ही रेलवे लाइन से मुक्तिधाम तक नाला निर्माण कराने का प्रस्ताव रखा। इन सभी कार्यों को अनुमति प्रदान कर दी गई। इस मौके पर एडीएम रामसिंह गौतम समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।