पीलीभीत। शहर कोतवाली क्षेत्र में दुकान बंद कर घर जाते समय कुछ युवकों ने जानलेवा हमला कर दिया। कोतवाली पुलिस ने तहरीर के आधार पर नामजद रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की धरपकड़ के प्रयास तेज कर दिए हैं। शहर के मोहल्ला सुनगढ़ी गौटिया निवासी संजय ने कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में बताया कि नौ अगस्त को वह अपनी दुकान को बंद कर घर जा रहा था। आरोप है इस दौरान मोहल्ले के ही कुछ युवकों ने रास्ते में उसे घेर लिया और जान से मारने की कोशिश की। आरोपियों में लालाराम, शानू, गब्बर शामिल हैं। आरोपियों द्वारा हमला करने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सिर व शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। कोतवाल राजीव कुमार सिंह ने बताया कि मामले की विवेचना शुरू कर दी गई है।