पीलीभीत। सेवानिवृत्त शिक्षक के साथ लूट की घटना को कुशीनगर के बदमाशों ने अंजाम दिया। खुलासे में लगी एसओजी और पुलिस टीम ने घटना में शामिल दो बदमाशों को गिरफ्तार कर वाहन को भी बरामद किया है। आरोपियों की पहचान में यज्ञ एप की मदद ली गई।
पुलिस लाइन सभागार में एएसपी विक्रम दहिया और सीओ सदर आईपीएस नताशा गोयल ने बताया कि नौ मार्च को थाना जहानाबाद क्षेत्र के ग्राम कनाकोर निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक श्याम बिहारी लाल बैंक से रुपया निकालकर सवारी के इंतजार में खमरिया पुल पर खड़े हुए थे। इस दौरान कार सवार युवकों ने लिफ्ट देकर उनको कार में बैठा लिया।
बदमाशों ने रिटायर्ड अध्यापक से 23 हजार रुपये लूट लिए और उनको गाड़ी से उतार दिया। इस मामले में थाना जहानाबाद में पीड़ित की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की गई थी। घटना के खुलासे के लिए जहानाबाद पुलिस के अलावा एसओजी को लगाया गया था। खुलासे के लिए जहानाबाद पुलिस और एसओजी की टीम ने सीसी फुटेज चेक किए, जिसमें गाड़ी जहानाबाद से रिछा के रास्ते बरेली नैनीताल मार्ग होते हुए मुडिया टोल प्लाजा की ओर गई।
टोल प्लाजा में लगे सीसी कैमरे की फुटेज चेक करने पर दो युवक दिखाई दिए। इसके आधार पर दोनों युवकों की फुटेज मिल गई। जिसके फोटो को यक्ष एप के माध्यम से स्कैन किया गया तो यक्ष एप पर क्रिमिनल आईडी 678664 प्राप्त हुई। इसके आधार पर आरोपी बदमाश का नाम ट्रेस हो गया। आरोपी कुशीनगर जनपद का निवासी निकला। इस पर पुलिस ने एक सूचना के आधार पर व्यापार मंडल तिराहे से आरोपी मोईनुद्दीन और धमेंद्र निवासीगण ग्राम अहरौली थाना कसया जनपद कुशीनगर को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह तीन दोस्तों के साथ कुशीनगर से नैनीताल घूमने के लिए आया था। तभी उसने रास्ते में लूट की घटना को अंजाम दे दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया है।