माधोटांडा। गांव सिमरा में क्रिकेट मैच के दौरान हुई कहासुनी खूनी संघर्ष में बदल गई। दो गांवों की टीम और ग्रामीण आमने-सामने आ गए। जमकर लाठी-डंडे चले। मारपीट में दोनों पक्षों के छह लोग घायल हो गए। करीब आधे घंटे तक गांव में भगदड़ की स्थिति रही। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को माधोटांडा सीएचसी ले जाकर मेडिकल कराया।
घटना रविवार दोपहर करीब तीन बजे की है। माधोटांडा थाना क्षेत्र के सिमरा गांव में क्रिकेट मैच चल रहा था। सिमरा और पास के ही राजपुर गांव की टीम मैच खेल रही थी। बताया जाता है कि राजपुर टीम में शामिल खिलाड़ियों को लेकर सिमरा टीम की ओर से जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया गया। इससे दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई।
विवाद बढ़ते ही सिमरा टीम की ओर से गांव के काफी लोग मौके पर पहुंच गए और मारपीट शुरू हो गई। दोनों पक्षों में काफी देर तक लाठी-डंडे चले। इस बीच किसी ने सूचना पुलिस को दे दी। कुछ देर बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को माधोटांडा सीएचसी लाया गया।
एक पक्ष की ओर से सचिन, लज्जावती व दूसरे पक्ष की ओर से जितेंद्र, रामकुमारी, सुशील व विजय घायल हुए हैं। राजपुर निवासी सुशील ने सचिन, नन्कू, जयकरन, अंकित, अरविंद यादव, दंगल सिंह, सुखवीर यादव को नामजद करते हुए माधोटांडा थाने में तहरीर दी। थाना प्रभारी अशोक पाल सिंह ने बताया कि घायलों को मेडिकल कराया जा रहा है। मामले में तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। टीम को मामले की जांच के लिए लगाया गया है।