पीलीभीत। शहर कोतवाली के मोहल्ला खकरा स्थित एक कब्रिस्तान पर गोबर और कूड़ा करकट डालने को लेकर दो सुमदाय के लोग आमने-सामने आ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर शांत कराया। पुलिस के जेसीबी मशीन से कब्रिस्तान में डाला गया कूड़ा करकट हटाने के बाद ही लोग शांत हुए।
मोहल्ला खकरा स्थित कब्रिस्तान के निकट दूध की डेयरी है। आरोप है कि कुछ डेयरी संचालकों ने कब्रिस्तान के अंदर गोबर और कूड़ा करकट डाल दिया। इसे लेकर एक समुदाय के लोगों में रोष व्याप्त हो गया। शनिवार को दोनों समुदाय के लोग आमने-सामने आ गए और उनमें कहासुनी होने लगी। इसी बीच सूचना पर शहर कोतवाल आरपी सिंह मौके पर पहुंच गए और दोनों पक्षों को समझाने-बुझाने लगे। एक समुदाय के लोगों ने कूड़ा करकट और गोबर हटवाने की मांग की। इस पर पुलिस ने नगर पालिका की जेसीबी मंगवा कर कूड़ा हटावा दिया। तब जाकर लोग शांत हुए।