हजारा। शारदा का जल स्तर बढ़ने के साथ ही नदी ने भू-कटान शुरू कर दिया है। कटान के पहले झटके में ही यहां बाढ़ खंड द्वारा कटान रोकने को बनाए गए स्पर ध्वस्त हो गए। इसके चलते राघवपुरी गुरुद्वारे को एक बार फिर कटान से खतरा पैदा हो गया है। गुस्साए ग्रामीणों ने शुक्रवार को बाढ़ खंड के ईई के खिलाफ प्रदर्शन कर जमकर नारेबाजी की और डीएम को ज्ञापन भेजकर गुरुद्वारा बचाने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।
ट्रांस क्षेत्र में कटान रोकने को बाढ़ खंड द्वारा राघवपुरी में स्पर बनाए गए थे। ग्रामीणों के मुताबिक उनकी गुणवत्ता ठीक न होने के कारण वह पहले ही झटके में ध्वस्त हो गए। इसी के साथ नदी ने राघवपुरी गुरुद्वारा सिंह सभा की ओर कटान तेज कर दिया है, जिससे गुरुद्वारे को खतरा पैदा हो गया है। इससे लोगों में रोष है। गुस्साए ग्रामीणों ने बाढ़ खंड अफसरों के खिलाफ प्रदर्शन कर नारेबाजी की। ग्रामीणों ने बाढ़ खंड द्वारा कराए गए कार्यों की जांच तकनीकी टीम से कराने तथा गुरुद्वारा बचाने को ठोस कार्य कराने की मांग की।
प्रदर्शन करने वालों में प्रमुख रूप से फुम्मन सिंह, बग्गा सिंह, बलवीर सिंह, करनैल सिंह, लाभ सिंह, मलकीत सिंह, हरि सिंह, मान सिंह, वचन सिंह, बूड़ा सिंह, भजन सिंह आदि लोग मौजूद रहे।