पीलीभीत। कचहरी परिसर में प्रेमी युगल और प्रेमी के पिता की पिटाई के मामले में युवती के ससुर की तहरीर पर एसपी ने 14 लोगों के खिलाफ मारपीट कर लूटपाट करने की रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश शहर कोतवाल को दिए हैं।
बतादें कि थाना न्यूरिया क्षेत्र के एक गांव की युवती सजातीय युवक के साथ दो माह पहले चली गई थी। युवती के घर वालों ने थाना न्यूरिया पर उसके प्रेमी के खिलाफ बहला फुसलाकर ले जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। प्रेमी युगल ने 20 मई को हाईकोर्ट से गिरफ्तारी पर रोक लगाने का स्टे प्राप्त कर लिया था। स्टे की प्रति न्यूरिया पुलिस को भी दी थी। हाईकोर्ट के आदेश पर बुधवार को प्रेमी युगल अदालत में बयान के लिए दरोगा मनोज सागर के साथ कचहरी आए थे। आरोप है कि जहां दरोगा दूसरे पक्ष से बात करने लगा। इसी बीच लड़की के घर वालों ने अपने रिश्तेदारों के साथ मिलकर युवती और उसके प्रेमी की जमकर पिटाई कर दी। प्रेमी के पिता सिद्दीक को भी पीटा। सिद्दीक ने गुरुवार को आरोप लगाते हुए युवती के घर वालों और रिश्तेदारों समेत 14 लोगों के खिलाफ तहरीर दी। आरोप लगाया कि हमलावर मारपीट करने के साथ 20 हजार रुपये, सेलफोन भी लूट ले गए। एसपी ने शहर कोतवाली पुलिस को रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए हैं।