पीलीभीत। अलग-अलग लगी आग की घटनाओं में एक आटा चक्की और तीन घर जल गए। इसमें तकरीबन दो लाख रुपये का नुकसान बताया जा रहा है।
थाना सुनगढ़ी के गांव पिपरिया भगू में बृहस्पतिवार की रात बारात आई थी। बारात चढ़ने के दौरान दागे गए पटाखों की चिंगारी गांव निवासी हरिचरनलाल के घर पर गिर गई। इस दौरान चल रही तेज हवाओं के चलते घर के छप्पर में आग लग गई। इससे गांव में हड़कंप मच गया, ग्रामीण जब तक मौके पर पहुंचते आग ने पड़ोस के रामपाल के घर को भी अपने आगोश में ले लिया। ग्रामीणों ने इसकी सूचना फायर ब्रिगेड को दी। फायर ब्रिगेड कर्मचारियों ने ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया। इस अग्निकांड में दोनों घरों में रखा अनाज, कपड़ा, हिस्तर, चारपाई समेत करीब एक लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया।
बीसलपुर। गांव घुंघौरा निवासी अब्बास ने बताया कि उनकी पत्नी खाना बना रही थी। अचानक चूल्हे से निकली चिंगारी से आग लग गई। ग्रामीण बमुश्किल आग पर काबू पा सके। आग से नगदी, कपड़े, बर्तन, अनाज और भूसा समेत करीब 60 हजार का सामान जल गया। दूसरी घटना गांव बल्देवपुर में हुई। गांव निवासी श्यामा चरन की चक्की में आग लगने से अनाज और पड़ोस में स्थित भूसे का बूंगा भी जल गया। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया।