पीलीभीत। थाना गजरौला क्षेत्र में गांव कैच के पास असम हाईवे पर शनिवार को दो बाइक टकरा गईं। इसमें दोनों बाइक पर सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को जिला अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टर ने एक बाइक पर सवार फौजी बरखेड़ा क्षेत्र के गांव चिनौरा निवासी मेवाराम को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरी बाइक के चालक को बरेली रेफर कर दिया।
थाना बरखेड़ा के गांव चिनौर में रहने वाले रामलाल ने बताया कि उनका बड़ा बेटा मेवाराम (28) आर्मी में सिपाही था। वह अभी श्रीनगर में तैनात था। 15 दिन पहले ही 42 दिन की छुट्टी पर घर आया था। शुक्रवार सुबह वह थाना गजरौला के गांव मुंडेला कलां के रहने वाले अपने मौसा राम विलास शर्मा के घर गया था। देर रात लौटते वक्त असम हाईवे पर गांव कैच के पास सामने से आ रही बाइक ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। इसमेें मेवाराम और दूसरी बाइक का चालक थाना माधोटांडा क्षेत्र के गांव गुलाब टांडा निवासी गुरप्रीत सिंह भी घायल हो गया। दुर्घटना की सूचना पर पहुंची गजरौला पुलिस ने दोनों को एंबुलेंस 108 से जिला अस्पताल भिजवाया। यहां डॉक्टर ने फौजी मेवाराम को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल गुरप्रीत सिंह को बरेली रेफर कर दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
भगवान ये तूने क्या कर दिया
मेवाराम की मौत की खबर ने उसके पिता रामलाल को बदहवास कर दिया। अस्पताल में बेटा का खून से लथपथ शव देख होश खो बैठे। होश में आने पर सिर्फ इतना बोल पाए, ये भगवान तूने ये क्या कर डाला।