पीलीभीत। जिलास्तरीय खेल प्रतियोगिता मजाक बन कर रह गई है। मंगलवार को जिलास्तरीय फुटबाल प्रतियोगिता गांधी स्टेडियम मैदान पर हुई। सिर्फ चार टीमों के प्रतिभाग करने पर डीआईओएस ने कड़ी नाराजगी जताते हुए सभी राजकीय और वित्तीय मान्यता प्राप्त विद्यालयों के खेल शिक्षकों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
गांधी स्टेडियम में मंगलवार को बालक और बालिका वर्ग की जिलास्तरीय फुटबाल प्रतियोगिता हुई। बालिका वर्ग में अवंती बाई जिला पंचायत बालिका इंटर कॉलेज की टीम ने आर्य कन्या इंटर कॉलेज को पराजित कर दिया जबकि बालक वर्ग में राम इंटर कॉलेज की सीनियर टीम ने जूनियर टीम को हराया। प्रतियोगिता में सिर्फ चार टीमों के प्रतिभाग करने पर डीआईओएस ने नाराजगी जताते हुए जिला क्रीड़ा समिति के सचिव अखलाक हसन खां से वार्ता कर टीमों के प्रतिभागिता न करने का कारण जानना चाहा। विद्यालयों की अरुचि का कारण सामने आने पर डीआईओएस ने सभी राजकीय और वित्तीय मान्यता प्राप्त विद्यालयों के खेल शिक्षकों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।