पीलीभीत। शहर के गौरीशंकर मंदिर पर ड्यूटी करने आ रहे माधोटांडा थाने के दरोगा की बाइक में अज्ञात ट्रक ने टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके अलावा न्यूरिया थाना क्षेत्र में कार पलट गई, जिससे उसमें सवार एक ही परिवार के सात लोग घायल हो गए। पूरनपुर में कार की टक्कर लगने से बाइक पर सवार दंपति समेत तीन लोग जख्मी हो गए। सभी घायलों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पहले घटना शहर के गौहनियां चौराहा पर हुई। थाना माधोटांडा के उप निरीक्षक सतीश चंद्र शहर के गौरीशंकर मंदिर पर ड्यूटी करने आ रहे थे। सुबह करीब पांच बजे छतरी चौराहा की ओर से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उनकी मोटर साइकिल भी क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना पर पहुंचे एसओ सुनगढ़ी केके यादव ने उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया। दूसरा हादसा थाना न्यूरिया क्षेत्र में खटीमा-मझोला मार्ग पर हुआ। खटीमा निवासी कुतुबद्दीन की पत्नी असरीन अपने परिवार के साथ कार से बरेली जा रही थी। कार उनका बेटा इकरार चला रहा था। अचानक सामने आए साइकिल सवार को बचाने के चक्कर में अनियंत्रित हुई कार पलट गई। इस हादस में उसमें सवार गुलशन, मुन्ने, तबस्सुम, समेत सात लोग घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पूरनपुर। गांव सिरसा निवासी 35 वर्षीय मोहन लाल अपनी पत्नी रामवती और छह वर्षीय पुत्र मोहित के साथ बाइक से खुटार से वापस घर लौट रहा था। पूरनपुर की ओर से जा रही कार ने गांव कजरी निरंजनपुर और गढ़वाखेड़ा के बीच बाइक में टक्कर मार दी, जिससे दंपति समेत तीन लोग घायल हो गए। घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया है।