पीलीभीत। पांच दिन पहले मरणासन्न हालत में प्रेमशंकर की मौत उसकी प्रेमिका का पति द्वारा मुगरी से पीट-पीटकर घायल करने के बाद हुई थी। पुलिस जांच में इस बात का खुलासा हुआ है। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने घटना का इकबाल कर लिया है। पुलिस ने गैर इरादतन हत्या में उसका चालान कर दिया है।
मालूम हो कि बरखेड़ा कसबे के मोहल्ला कुंदनपुर गौटिया निवासी 32 वर्षीय प्रेमशंकर का पीलीभीत रोड पर चीनी मिल के निकट रहने वाले शिवरतन के घर आना- जाना था। 28 अप्रैल 2013 की देर शाम वह गंभीर हालत में लहूलुहान मिला था। जिला अस्पताल से बरेली रेफर होने के बाद रास्ते में उसकी मौत हो गई थी। मृतका की मां जशोदा देवी ने हत्या का आरोप लगाते हुए शिवरतन पर संदेह जताया था। पुलिस ने जब मामले की जांच की तो मामला प्रेम संबंधों का मिला। एसओ बरखेड़ा बीएस सिरोही ने बताया कि शिवरतन को प्रेमशंकर से अपनी पत्नी के अवैध संबंधों का शक था। इसी कारण उसने उसके घर आने पर बंदिशें लगा दीं थीं। इसके बावजूद भी प्रेमशंकर आता-जाता रहा। 27 अप्रैल की रात प्रेमशंकर नशे में धुत होकर शिवरतन के घर पहुंच गया। इस पर शिवरतन ने कपड़े धोने वाली मुंगरी से उसके माथे पर कई प्रहार कर दिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसे मृत समझकर वह भाग निकला। एसओ वीएस सिरोही ने बताया कि आरोपी की पत्नी ने घटना का स्वरूप बदलने की नीयत से उसे दुर्घटना में घायल होने की जानकारी दी थी। आरोपी पति शिवरतन को गिरफ्तार कर चालान भेज दिया गया है। मामले की जांच जारी है।