पीलीभीत। जिला अस्पताल में खुले पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) पर तीन बच्चों में कुपोषण के लक्षण मिले हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा बच्चों का चेकअप किया गया।
कुपोषित बच्चों की संख्या दिन पर दिन बढ़ती जा रही है। इसके लिए जिला अस्पताल में एनआरसी यूनिट की स्थापना की गई है। शुक्रवार को शहर से सटे गांव बिलगवां से आंगनबाड़ी द्वारा बारह बच्चों को एनआरसी केंद्र पर भेजा गया। इसमें गांव के पांच माह के यश कुमार, ढाई साल के राज और पांच माह के विजय में कुपोषण के लक्षण पाए गए हैं। ड्यूटी पर तैनात डॉ केपीएस राठौर ने बच्चों का चेकअप किया। बच्चों को शनिवार को एनआरसी केंद्र पर भर्ती किया जाएगा। उधर, इमरजेंसी सेवा देख रहे दीपक सिंह ने बताया कि इमरजेंसी सेवा घायलों के लिए है। सूचना आई तो बच्चों को इमरजेंसी में छोड़ दिया गया। इस दौरान उनकी जिला अस्पताल के एक चिकित्सक से किसी बात पर कहासुनी भी हो गई।
क्या कहते अधिकारी
बारह बच्चे इलाज को आए थे, तीन बच्चों में कुपोषण के लक्षण मिले है। उनके परिजनों का कहना था कि वह शनिवार को अपने बच्चों को इलाज के लिए भर्ती कराएंगे। - डॉ आरसी शर्मा, सीएमएस जिला अस्पताल