पीलीभीत। चार दिन पूर्व पेशी पर आए एक संत की पिटाई का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। गुस्साए तमाम संत और ग्रामीण आज एएसपी से मिले और तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की है। कार्रवाई न होने पर संत समाज ने सामूहिक आत्मदाह करने की धमकी दी है।
पुलिस लाइंस स्थित एएसपी दफ्तर आए तमाम संतों और ग्रामीणों ने एएसपी को तहरीर देकर बताया कि पूरनपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव अमरैयाकलां में बाबा आश्रम है। कई महीने पहले यहां कुछ लोगों ने आश्रम के संत रण छोड़ दास महाराज को अपमानित कर भगा दिया और आश्रम की जमीन पर कब्जा कर लिया था। बाबा रणछोड़ दास महाराज के शिष्य बाबा राघवदास महाराज ने पूरनपुर तहसील में कब्जेदारों के खिलाफ मुकदमा कर दिया है। सात फरवरी को बाबा राघवदास पूरनपुर पेशी पर गए थे, जहां विपक्षी ने अपने साथियों के साथ उनकी पिटाई कर दी। सीने पर लाइसेंसी बंदूक रखकर गोली मार देने की धमकी दी। घटना की रिपोर्ट कोतवाली पूरनपुर पुलिस ने नहीं लिखी। इससे गुस्साए तमाम संत ग्रामीणों के साथ सोमवार को एएसपी दफ्तर पहुंचे और घटना पर रोष जताते हुए रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की। साथ ही चेताया कि संत समाज को न्याय नहीं मिला तो वह सामूहिक आत्मदाह कर लेंगे।
इस दौरान बाबा राजबदास, ओमप्रकाश दास, गुलाबदास, राघवदास, मनमोहनदास, माधवानंद, विजय कुमार सिंह, ओमकार, देवेंद्र, अर्जुन, नरेंद्र गंगवार, विकास गंगवार समेत दो दर्जन से अधिक संत और ग्रामीण मौजूद थे। उधर एएसपी डॉ. अरविंद भूषण पांडे ने बताया कि घटना की जांच के आदेश प्रभारी कोतवाल को दिए गए हैं। संत के साथ मारपीट की घटना सही पाई जाती है तो आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराकर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।