पीलीभीत। लाख कोशिशों के बाद भी गन्ना केंद्रों पर घटतौली रुकने का नाम नहीं ले रही है। शुक्रवार को प्रदेश के खादी ग्रामोद्योग राज्यमंत्री हाजी रियाज अहमद ने एक क्रय केन्द्र पर छापामार कर घटतौली पकड़ ली। राज्य मंत्री ने बताया कि केंद्र प्रभारी के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई जा रही है।
राज्य मंत्री श्री अहमद शुक्रवार की शाम अचानक धनकुना के कांटा नंबर दो पर अचानक पहुंचे। वहां गांव मोहम्मदपुर भजा निवासी चंद्र कली का गन्ना तोला गया था। उसके पास 34.90 क्ंिवटल की पर्ची थी। श्री अहमद ने अपने सामने पुन: तोल करवाई तो वजन 20 किलो बढ़ गया। तब डनलप का वजन 35.10 क्विंटल आया। इसके बाद उन्होंने कांटे पर अपनी एंबेसडर की तोल करवाई तो वजन 11.90 क्विंटल आया। बाद में उन्होंने पास ही मौजूद शाह जी धर्मकांटा पर वाहन तुलवाया तो वजन 12.35 क्ंिवटल निकला। दोनों जगह हुई तोल में 45 किलो का अंतर पाया गया। कांटे पर अश्वनी कुमार निंरजन कुमार मौजूद थे और उन्होंने इसकी सूचना जिला गन्ना अधिकारी को दी। इधर राज्य मंत्री ने डीसीओ को एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए। डीसीओ ने कहा है कि मामले में एफआईआर दर्ज कराई जा रही है।