पीलीभीत/ पूरनपुर। मंडी समिति में आढ़ती के प्रतिष्ठान पर छापा मारने पहुंची वाणिज्य कर विभाग की एसआईबी टीम को व्यापारियोें ने घेर कर विरोध जताया। एसआईबी के डिप्टी कमिश्नर और वाणिज्य कर अधिकारी को व्यापारी नेताओं ने जमकर खरी-खोटी भी सुनाईं। दुबारा बगैर व्यापार मंडल को सूचना दिए बगैर क्षेत्र में छापा न मारने की चेतावनी भी दी। विरोध को लेकर औपचारिक सर्वे कर टीम बैरंग हो गई।
वाणिज्य कर विभाग के डिप्टी कमिश्नर अरविंद सिंह के नेतृत्व में एसआईबी की टीम मंडी समिति में ओमी लाल की आढ़त पर छापा मारने पहुंची। इसकी सूचना व्यापारियों ने उद्योग व्यापार मंडल के प्रांतीय उपाध्यक्ष हंसराज गुलाटी, नगराध्यक्ष मोहम्मद जाहिद खां और विजयपाल विक्की को दी। बगैर व्यापार मंडल के पदाधिकारियों को सूचना दिए बगैर छापा मारने पहुंची टीम का व्यापारी नेताओं ने मौके पर पहुंचकर घेराव कर लिया। व्यापारी नेताओं और टीम सदस्यों की नोकझोंक भी हुई। हालांकि बाद में व्यापारी नेताओं ने डिप्टी कमिश्नर और वाणिज्य कर अधिकारी को जमकर खरी-खोटी सुनाई। व्यापारी नेताओं का कहना था कि छापा मार कार्रवाई के नाम पर व्यापारियों का शोषण बर्दास्त नहीं किया जाएगा। शोषण के प्रयास पर ईंट का जवाब पत्थर से दिया जाएगा। व्यापारी नेताओं ने मोरंग, पथरी के ट्रकों पर कार्रवाई न कर अवैध वसूली करने का भी आरोप लगाया। व्यापारी नेताओं के विरोध को लेकर टीम सर्वे में मात्र खानापूरी कर बैरंग हो गई। इस दौरान व्यापारी नेता हंसराज गुलाटी, मोहम्मद जाहिद खां, विजय पाल विक्की, कुलदीप शर्मा, दीपक अग्रवाल, शैलेंद्र गुप्ता, हर्ष शर्मा, सुनील खंडेलवाल, संदीप गुप्ता, आसिम खां आदि व्यापारी थे।