पूरनपुर/घुंघचाई। जर्जर हुए गोमती पुल के निर्माण को भेजे गए एक करोड़ रुपये के प्रस्ताव पर धनराशि स्वीकृत नहीं हो सकी। औपचारिक व्यवस्था के तहत रास्ता डायवर्ट करने को मांगी गई धनराशि पर जिला प्रशासन ने हाथ खड़ कर दिए। अब पुल निर्माण को धनराशि स्वीकृत न होने तक औपचारिक व्यवस्था के तहत पीडब्ल्यूडी लोगों के सहयोग से रास्ता बनाएंगी।
पूरनपुर-बंडा रोड पर घाटमपुर के समीप गोमती नदी के त्रिवेणी घाट पर बना पुल जर्जर होने से पीडब्ल्यूडी ने पुल पर दीवारे उठवाकर चौपहिया वाहनों का आवागमन बंद कर दिया था। इससे लोगों को आवागमन में भारी असुविधा हो रही है। हालांकि कुछ चौपहिया वाहनों का आवागमन तो क्षेत्र से हो रहा है, लेकिन इन वाहन संचालकों को कई किलोमीटर दूरी अधिक तय करनी पड़ रही है। इससे क्षेत्र के लोगों में भारी रोष है। इधर, कांग्रेस कार्यकर्ता गांव कबीरपुर कसगंजा निवासी कमला मिश्रा ने एसडीएम को भेजे ज्ञापन में पुल निर्माण की मांग की है। पीडब्ल्यूडी के जेई देशराज सिंह ने बताया कि पुल निर्माण को एक करोड़ रुपये का प्रस्ताव मुख्यालय भेजा गया था, लेकिन धनराशि स्वीकृत अभी नहीं हो सकी है। धनराशि स्वीकृत होने के बाद ही पुल का निर्माण शुरू कराया जा सकेगा। जिला प्रशासन को करीब पंद्रह लाख रुपये का प्रस्ताव भेजा गया है। क्षेत्र के लोगों के सहयोग से पुल निर्माण न होने तक औपचारिक व्यवस्था कर पुल के समीप मिट्टी, पाइप डालकर सड़क बनाएंगी।