पूरनपुर। तमाम प्रयास के बाद धान की सीधी खरीद नहीं रुक पा रही है। सीधी खरीद करने वाले 33 राइस मिलर्स को नोटिस जारी किया गया है। नोटिस मेें सीधी खरीद न करने, स्टाक की विवरणी प्रतिदिन देेने आदि की चेतावनी दी गई है।
मालूम हो कि धान की मंडी में भारी आवक होने के बावजूद अब तक धान खरीद केेंद्रों पर धान की खरीद शुरू नहीं हुई है। कुछ राइस मिलर्स और माफिया इसका फायदा उठाकर किसानों की धान की औने-पौने दामों में सीधी खरीद करने में जुटे है। ताकि धान खरीद में मोटी आमदनी की जा सके। सीधी धान खरीद को लेकर मंडल के आढ़तियों में रोष है। भाकियू नेताओं ने सीधी खरीद न रुकने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। मंडी सहायक उमेश दीक्षित ने बताया कि धान की सीधी खरीद पर क्षेत्र के 33 राइस मिलर्स को नोटिस जारी किए गए है। नोटिस पर भी सुधार न होने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि नोटिस में सीधी धान की खरीद न कर मंडी में धान की खरीद करने, दैनिक और सप्ताहिक स्टाक विवरणी चेक कराने, खरीदे गए धान को शतप्रतिशत अंकन करने की चेतावनी दी गई है। नोटिस को लेकर राइस मिलर्स में हड़कंप मच गया है। इसके अलावा माफिया भी कार्रवाई होने की आशंका को लेकर परेशान है।