सीटें न बढ़ाए जाने पर किया प्रदर्शन
पीलीभीत। उपाधि महाविद्यालय में सीटें न बढ़ाने को लेकर नाराज एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं ने कालेज गेट पर कुलपति का पुतला दहन किया। उन्होंने कुलपति के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए गुस्से का इजहार किया।
मंगलवार की सुबह उपाधि महाविद्यालय में सीटें न बढ़ाने को लेकर कुलपति और कालेज प्रशासन के खिलाफ गेट के बाहर जमकर नारेबाजी करने लगे। सचिव गोस्वामी ने कहा कि महाविद्यालय में इस सत्र में प्रवेश के लिए करीब पांच हजार से अधिक प्रवेश फार्म जमा हुए थे। जिससे देखते हुए अभी तक कोई सेेक्शन नहीं बढ़ाया गया। महाविद्यालय में स्नातक और परास्तानक स्तर पर सीटें बढ़ाए जाने पर भी जोर दिया। छात्र नेता रवि लोधी ने कहा कि महाविद्यालय में सीटें न बढ़ाए जाने को लेकर प्राइवेट कालेज छात्र-छात्राओं से फीस को लेकर लूट खसोट मचाए हुए है। ऐसे में गरीब छात्र-छात्राओं को प्रवेश के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है।
कार्यकर्ताओं ने समस्या के समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। प्रदर्शन करने वालों में विपिन यादव, सिद्घार्थ गिरी, मोनू सक्सेना, रामगोपाल पासवान, जतिन लोधी, अर्पणा, धर्मेंद्र गंगवार, आकाश मिश्रा, प्रश्नजीत सिंह चौहान, नरेंद्र मौर्य, अजय मौर्य आदि थे।