कंपनी कमांडर के पत्रों पर भी नहीं दिया ध्यान
कब्जा न मिलने से जवान और उसके परिजन परेशान
पूरनपुर। देश की रक्षा को सीमा पर तैनात सेना का जवान अपनी भूमि से अवैध कब्जा हटवाने की मांग को लेकर अफसरों के चक्कर काट रहा है। भूमि को कब्जा मुक्त कराने को लिया अवकाश भी समाप्त हो गया, फिर भी कब्जा नहीं मिल सका। इसको जवान और उसके परिजनों में रोष है।
थाना माधोटांडा के गांव मझारा निवासी गुरुप्रीत सिंह सेना में है। देश की रक्षा को उसकी तैनाती कश्मीर के बारामुला क्षेत्र में इन दिनों चल रही है। जवान गुरुप्रीत सिंह ने बताया कि उसकी गांव स्थित भूमि पर उसके खास रिश्तेदार का कब्जा है। कब्जा न छूटने पर उसने अपने अफसरों से समस्या के समाधान की मांग की। इस पर कंपनी कमांडर ने जवान की समस्या पर सीओ, एसडीएम, डीएम, एसपी और माधोटांडा एसएचओ को पत्र भेजा।
कब्जा छुड़वाने को लेकर तीस मई को एक माह का अवकाश लेकर गुरुप्रीत सिंह भी घर आया। देश की रक्षा को लगे जवान गुरुप्रीत ने बताया कि भूमि से कब्जा हटवाने को लेकर कई दिन से अफसरों के चक्कर काट रहा है, लेकिन उसकी समस्या का समाधान नहीं हुआ। जवान ने बताया कि कंपनी कमांडर की ओर से आए पत्र को लेकर एसओ माधोटांडा ने दो कांस्टेबिलों को उसके घर भेजा। इसके बाद रमनगरा पुलिस चौकी में पुलिस ने पंचायत कराई। पंचायत में उसने अपने हिस्से की भूमि दिलाने की मांग की, लेकिन बाद में दुबारा पंचायत रखने की बात कहकर उसे टरका दिया गया। आरोप है कि वह लेखपाल से रिकार्ड को लेकर मिला, पर लेखपाल ने उसकी न सुनी।