एकल खाता संचालन को लेकर शुरू हुआ था विवाद
तब से प्रधानाचार्य और प्रबंधक के बीच थी ठनी
पहले एकल खाते संचालन पर रोक लगी
अध्यक्ष ने प्रधानाचार्य पर लगे आरोपों की जांच कराई
जांच शुरू कराते ही पद से हटाकर कर दिया था संबद्ध
पीलीभीत। वीरांगना अवंती बाई जिला पंचायत बालिका इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य गीता सक्सेना को कॉलेज प्रबंधक/ अध्यक्ष जिला पंचायत अनीता वर्मा ने बर्खास्त कर दिया है। यह आदेश जिला पंचायत अध्यक्ष ने अविश्वास प्रस्ताव पर वोटिंग से ठीक एक दिन पहले किया था, लेकिन इसे अब सार्वजनिक किया गया है। प्रधानाचार्य पर 18 गंभीर आरोप थे। वर्तमान में श्रीमती सक्सेना पूरनपुर के राम मनोहर लोहिया बालिका इंटर कॉलेज से संबद्ध थीं।
वीरांगना अवंती बाई जिला पंचायत बालिका इंटर कॉलेज का संचालन जिला पंचायत के माध्यम से होता है। जिला पंचायत अध्यक्ष इस कॉलेज के पदेन प्रबंधक और अपर मुख्य अधिकारी सचिव होते हैं। कॉलेज को शिक्षा विभाग से वित्त विहीन मान्यता है। कॉलेज के बैंक खाते का संचालन प्रबंधक और सचिव के संयुक्त हस्ताक्षरों से होता रहा है। कॉलेज में विवाद की नीव सात सितंबर 2011 को उस समय पड़ी जब जिला पंचायत अध्यक्ष अनीता वर्मा ने कॉलेज के खाता संचालन को एकल कर दिया।
शिक्षिकाओं ने एकल खाता व्यवस्था के खिलाफ आंदोलन छेड़ दिया। कई दिन चले आंदोलन के बाद तत्कालीन डीएम कौशलराज शर्मा के हस्तक्षेप पर संयुक्त खाता संचालन की व्यवस्था दी गई। बदलाव यह किया गया कि प्रबंधक के साथ अपर मुख्य अधिकारी के स्थान पर प्रधानाचार्य के हस्ताक्षर से खाता संचालन किया जाएगा। इस बीच प्रबंधक ने प्रधानाचार्य गीता सक्सेना को कई आरोप पत्र देकर जवाब तलब किए। साथ ही जिला पंचायत के वित्तीय परामर्शदाता को मामले की जांच सौंप दी। प्रधानाचार्य ने जवाब दिए, लेकिन प्रबंधक उससे संतुष्ट नहीं हुईं और प्रधानाचार्य को राम मनोहर लोहिया इंटर कॉलेज पूरनपुर से संबद्ध कर दिया। इधर, 25 जून को कॉलेज प्रबंधक ने प्रधानाचार्य को सेवा समाप्ति का आदेश जारी कर दिया।
यह थे आरोप जो किए सिद्ध
शिक्षिकाओं को आंदोलन को प्रेरित करने, मनमाने फैसले लेने, कुछ शिक्षिकाओं का उत्पीड़न करने, परीक्षा शुल्क के साथ प्राप्त प्रयोगात्मक परीक्षा शुल्क के रूप में तीन लाख नौ हजार 455 रुपये का कोई ब्योरा प्रस्तुत न किए जाने, आईटीआई, जीटीआई व एनआईओएस की प्रवेश परीक्षाओं से प्राप्त धनराशि 24 हजार 46 रुपये का कॉलेज के किसी खाते में जमा न करने का आरोप सिद्ध होने का भी उल्लेख किया गया है।
अब राम जानकी बनी प्रधानाचार्य
गीता सक्सेना को बर्खास्त करते हुए पूर्णकालिक प्रधानाचार्य की नियुक्ति न होने तक रामजानकी शुक्ला को प्रधानाचार्य के समस्त दायित्व सौंप दिए गए हैं।
बेबुनियाद आरोपों पर की कार्रवाई: गीता
गीता सक्सेना कहती हैं कि शिक्षिका के रूप में कार्य करते हुए उन्होंने सदैव कॉलेज हित में कदम उठाए। छात्राओं की संख्या 200 से बढ़ कर 800 हो गई। प्रबंधक ने इससे प्रसन्न हो उन्हें कार्यवाहक प्रधानाचार्य का दायित्व सौंपा। एकल खाता किए जाने पर शिक्षिकाओं के हित में उन्होंने विरोध दर्ज कराया तो उनके विरुद्ध साजिश कर उन पर अनर्गल आरोप लगाए जाते रहे। उन्हें कॉलेज से हटाकर पहले राम मनोहर लोहिया इंटर कॉलेज पूरनपुर से संबद्ध किया गया और अब बेबुनियाद आरोपों में सेवा समाप्ति का आदेश जारी कर दिया गया।