पीलीभीत। बुधवार को एसपी के आदेश पर जिले भर में पुलिस पीएसी के साथ सघन वाहन चेकिंग करती रही, दूसरी ओर बाइक सवार बेखौफ अपराधी दिन दहाड़े शहर कोतवाली के पास महिला की सोने की चेन खींच कर फरार हो गए। चेन स्नेचिंग की 24 घंटे में यह दूसरी वारदात है। इसके अलावा स्टेशन रोड से अपराधी बाइक उठा कर ले गए।
शहर में हो रहीं बाइक चोरी और मंगलवार को चेन स्नेचिंग की घटना से एसपी जितेंद्र प्रताप सिंह गंभीर हुए। उन्होंने बुधवार को वायरलेस सेट पर पूरे जिले में प्वाइंट तय कर पीएसी बल के साथ सघन वाहन तलाशी किए जाने के निर्देश दिए। पुलिस ने शहर और देहात के दर्जनाें प्वाइंट बनाए और पीएसी बल के साथ वाहन चेकिंग शुरू की। सुबह करीब 11 बजे चेकिंग के साथ अपराधियों ने घटनाओं को अंजाम देना शुरू कर दिया।
पहले शहर में थाना सुनगढ़ी क्षेत्र में रेलवे स्टेशन रोड पर स्थित एक अस्पताल के सामने खड़ी बाइक चोरी अपराधी उठा ले गए। वायरलेस सेट पर इसकी सूचना दी जा रही थी कि बाइक सवार उचक्कों ने शहर कोतवाली और खकरा पुलिस चौकी के बीच वाटर बक्श मोहल्ले में साइकिल पर सवार ग्राम बक्शपुर की रहने वाली सविता देवी के गले से चेन छीन ली और फरार हो गए। महिला अपने पति दयाशंकर के साथ शहर आई थीं। महिला ने चौकी खकरा जाकर वाहन चेकिंग में मशगूल पुलिसकर्मियों को घटना बताई। पुलिस ने महिला के पति का मोबाइल नंबर लिख लिया और उचक्के को पकड़े जाने पर सूचना देने पर आने का आश्वासन देकर उसे चलता कर दिया। चोर, उचक्कों के इस हौसले से पुलिस के हाथपांव फूल गए हैं।
बाक्स
24 घंटे में चेन स्नेचिंग की दो वारदातें
मंगलवार को दोपहर एक बजे पॉश कॉलोनी तिरुपति नगर निवासी अल्पना चौधरी रिक्शे से टनकपुर हाइवे पर स्थित लिटिल एंजिल्स स्कूल अपने बेटे यश को लेने जा रही थी। गन्ना विकास परिषद के सामने बाइक सवार उचक्के उनके गले से सोने की चेन खींचकर बाइक से भाग निकले। इस घटना को हुए 24 घंटे भी बीत नहीं पाए थे कि बदमाशों ने दिन दहाड़े दो घटनाएं कर पुलिस को चुनौती दे दी।
बाक्स
यह बनाए गए चेकिंग प्वाइंट
एसपी के आदेश पर शहर के गौहनियां चौराहा, छतरी चौराहा, खकरा चौकी, सिविल लाइंस पुलिस चौकी, नौगवां चौराहा, आसाम पुलिस चौकी, पूरनपुर गेट पुलिस चौकी, डिग्री कॉलेज चौराहा। बुधवार को इन प्वाइंटों पर पीएसी बल के साथ पुलिस सघन वाहन चेकिंग कर रही थी।
कोतवाल के चार्ज संभालते वारदात
यहां तैनात शहर कोतवाल तेजपाल का तबादला बरेली होने के कारण मंगलवार को नए कोतवाल सुदेश कुमार सिंह ने कार्यभार ग्रहण किया था। वह अभी क्षेत्र देख भी न पाए थे कि सविता देवी लुट गईं।
बाक्स
वर्जन
वाहन चेकिंग मैं कर रहा हूं। मुझे चेन स्नेचिंग की घटना की जानकारी नहीं है। कोतवाली में ऐसा मामला यदि कोई आया होता तो मेरे संज्ञान में जरूर होता। मैं घटना की जानकारी कर रहा हूं।
सुदेश कुमार सिंह, शहर कोतवाल