पूरनपुर। बाइक और साइकिल टकराने से साइकिल सवार समेत तीन लोग घायल हो गए, जबकि अज्ञात वाहन की टक्कर से ठिलिया चालक घायल हो गया। घायलों को सीएचसी लाया गया। इसके अलावा थ्रीव्हीलर पलटने से घायल अधेड़ की मौत हो गई।
मोहल्ला रजागंज निवासी ठिलिया चालक नसीर अहमद गुरुवार को सुबह करीब सात बजे आसाम रोड से बर्फ लेकर नगर की ओर लौट रहा था। आसाम रोड पर किसी वाहन की टक्कर से नसीर घायल हो गया। गंभीर रुप से घायल नसीर को सीएचसी लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। आसाम रोड पर ही गांव नदहा मोड़ के समीप साइकिल -बाइक की टक्कर में साइकिल सवार गांव कढेरचौरा निवासी बाइस वर्षीय धर्मेंद्र कुमार और बाइक सवार सीतापुर के लहरपुर के बागवानी टोला निवासी बीस वर्षीय फिदा हुसैन और गांव हरियापुर निवासी 35 वर्षीय सलीम घायल हो गया। घायलों को सीएचसी लाया गया। डाक्टरों ने गंभीर रुप से घायल फिदा हुसैन और धर्मेंद्र को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
घुंघचाई। 27 अप्रैल को पूरनपुर-घुंघचाई मार्ग पर पूरनपुर की ओर से आ रहा थ्रीव्हीलर नौ किलोमीटर पर पलट गया था। घटना में थ्रीव्हीलर में सवार 14 लोग घायल हुए थे। गंभीर रुप से घायल मेवाराम का इलाज पीलीभीत के एक प्राइवेट अस्पताल में कराया जा रहा था। जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के पुत्र कृष्णपाल की ओर से थ्रीव्हीलर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।