बिलसंडा। गांव लिलहर के प्रेमपाल हत्याकांड में थाने के जिस दरोगा और सिपाही पर गांव वालों ने अंगुलियां उठाईं एसओ ने दोनाें के हल्का बदल दिया। उधर घटना के मुख्य अभियुक्त रामपाल को पुलिस ने बंदी बनाकर चालान भेज दिया है।
बता दें कि 20 अप्रैल को गांव लिलहर निवासी प्रेमपाल को गांव के ही कुछ लोगों ने खेत पर पीटकर लहूलुहान कर दिया था। घायल अवस्था में वह जब थाने पहुंचा, तब हल्का दरोगा ने भी उसके साथ मारपीट की।24 अप्रैल को उसकी मौत होने के बाद 26 अप्रैल को विधायक रामसरन वर्मा के नेतृत्व में गांव वाले धरने पर बैठे, तब मामले में तीन लोगों को नामजद किया गया था। मंगलवार को मुख्य आरोपी रामपाल को गिरफ्तार कर चालान भेज दिया गया। इधर एसओ ने हल्का नंबर 2 में तैनात कवीन्द्र मोहन गुप्ता और सिपाही रामनरेश को हटाकर हल्का नंबर एक में तैनात कर दिया।