पीलीभीत। शहर की एलएच शुगर मिल के खेल मैदान पर तीन दिवसीय 32वीं अंतर्जनपदीय पुलिस बैडमिंटन व टेबिल टेनिस का शुभारंभ डीएम ओएन सिंह ने किया।
पहला शो मैच डीएम ओएन सिंह व एसपी सोनिया सिंह के बीच खेला गया। जिसमें दोनों बराबरी पर रहे। पहले दिन दोनों खेलों में 10-10 टीमों ने प्रतिभाग किया। टेबिल टेनिस का मैच पीलीभीत और अमरोहा के बीच खेला गया। जिसमें पीलीभीत ने अमरोहा टीम को 2-0 से पराजित किया। पीलीभीत के नागेंद्र सिंह राठौर ने अमरोहा के विशाल को 11-0 से हराया। अन्य मुकाबलों में बिजनौर ने बदायूं को 2-01 और रामपुर ने मुरादाबाद को 2-1 से हराया। महिला वर्ग में टीम चैंपियनशिप में बरेली ने शाहजहांपुर, रामपुर ने बिजनौर, पीलीभीत ने बदायूं को हराया। पुरुष वर्ग के बैडमिंटन टीम की चैंपियनशिप में बदायूं ने बिजनौर और बरेली ने रामपुर को क्रमश: 2-0 से पराजित किया।
अमरोहा ने शाहजहांपुर को 2-0 से हराया। संभल की टीम के प्रतियोगिता में शामिल न होने पर पीलीभीत की टीम सेमीफाइनल में पहुंच गई। महिला बैडमिंटन टीम चैंपियनशिप में बरेली ने मुरादाबाद को 2-0, पीलीभीत ने बिजनौर को 2-0, शाहजहांपुर एवं बदायूं की टीमों ने मुकाबलों में जीत हासिल कर सेमीफाइनल में जगह बना ली। प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका में परमजीत सिंह, मोहित अग्रवाल व सुनाली रहीं। इस मौके पर सीओ सिटी कौशलेंद्र सिंह, शुगर मिल के प्रबंधक (एचआर) राजीव अग्रवाल, मंसूर शम्सी, एसपी पीआरओ अतुल प्रधान, आरआई ओमपाल सिंह आदि मौजूद रहे।