बीसलपुर। एसडीएम एपी श्रीवास्तव ने ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में शुक्रवार को दो लेखपालों को निलंबित कर दिया है। उधर लेखपाल संघ ने पहली नवंबर तक निलंबन वापस न लिए जाने पर दो दिसंबर से बेमियादी आंदोलन करने की चेतावनी दी है।
एसडीएम ने ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में शुक्रवार को ललौैर गुजरानपुर और अमृताखास क्षेत्र के लेखपाल क्रमश: अशोक बाजपेयी, ठाकुर दास को निलंबित कर दिया है। साथियों के निलंबन की जानकारी होते ही लेखपालों ने संघ के बैनर तले आपातकालीन बैठक की कर निलंबन कार्रवाई को गलत ठहराया। बैठक में एसडीएम से दोनों लेखपालों को पहली दिसंबर तक बहाल करने की मांग की गई। बैठक में सर्वसम्मति से यह भी तय किया गया कि पहली दिसंबर तक दोनों लेखपालों को बहाल नहीं किया गया तो दो दिसंबर से लेखपाल संघ के बैनर तले धरना-प्रदर्शन और अधिकारियों का घेराव आदि बेमियादी आंदोलनात्मक कार्रवाई करेंगे।
बैठक की अध्यक्षता संघ के जिलामंत्री जानकी प्रसाद गंगवार ने और संचालन तहसील संयोजक ओमकार सिंह ने किया। बैठक में तहसील उप संयोजक मोहम्मद रिजवान, हजारी लाल, सोहन लाल, सुभाष दीक्षित, जगपाल सिंह, सुमित शर्मा, प्रेमपाल, रामस्वरूप, दीनानाथ, प्रवीण कुमार, मोहन लाल, रामप्रकाश, रक्षपाल आदि लेखपाल मौजूद रहे।