माधोटांडा। सिंचाई विभाग ने बिना साफ सफाई किए ही शारदा डैम में पानी भरना शुरू कर दिया है। अधिशासी अभियंता ने बृहस्पतिवार शाम को जर्जर डैम का अभियंताआें के साथ निरीक्षण किया।
पहला मौका है कि शारदा डैम के बाहरी क्षेत्र में जंगल झाड़ी खड़ी हैं और सीपेज पानी के निकलने को बनी लांग ड्रेनें झाड़ियों से पटी पड़ी हैं। डैम के भीतरी हिस्से की पिचिंग पहले से ही जर्जर है। हालांकि हर साल डैम को भरने से पूर्व ड्रेनों और बाहरी हिस्से की सफाई की जाती थी। इस बार पिचिंग की मरम्मत को धनराशि तो नहीं मिली, साथ ही जंगल झाड़ी की सफाई को भी एक धेला नहीं मिला। सिंचाई विभाग ने डैम को पानी से भरना शुरू कर दिया है। इंचार्ज अवर अभियंता सुरेंद्र सिंह यादव बताते हैं कि डेढ़ वर्ष पूर्व गड्ढे भरने को बजट मांगा गया था। जिससे कार्य कराया गया था। इस वर्ष दोनों सबडिवीजनों को मिलाकर 70 लाख रुपया मांगा गया, लेकिन अब तक एक धेला भी नहीं मिला। जिसके चलते न तो पिचिंग की मरम्मत हुई है और न ही ड्रेन की सफाई हुई है। इधर अधिशासी अभियंता जीवनराम बृहस्पतिवार शाम शारदा सागर डैम का निरीक्षण करने पहुंचे। उन्होंने डैम की खस्ताहालत को देखते हुए अभियंताओं से रुक-रुक कर पानी भरने के निर्देश दिए हैं।